गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के सुसंडी चट्टी के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। महाकुंभ प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो (वाहन संख्या BR01HZ6520) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को टक्कर मारते हुए आगे जाकर एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में सड़क किनारे खड़े व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार नौ यात्रियों में से पांच घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान संदीप (पुत्र राम प्रताप राम, निवासी सुसंडी, थाना नोनहरा, गाजीपुर) के रूप में हुई है।
घायलों की सूची
राधा देवी (पत्नी सुरेश चंद)
सुचित्रा देवी (पत्नी स्व. गौतम प्रसाद)
सोनी कुमारी (पत्नी अमित सिंह)
मंजू वर्मा (पत्नी सुभाष चंद्र)
आशिद सिन्हा (पुत्र गौतम)
सभी घायल पटना निवासी हैं और फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को सदर अस्पताल, गाजीपुर में भर्ती कराया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
नोनहरा थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और पंचायतनामा की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस घटना की विस्तृत जांच में जुटी है।