भांवरकोल(गाजीपुर)। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत भांवरकोल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 5.5 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद कर तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह शराब यूपी से बिहार ले जाई जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
भांवरकोल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध शराब लादकर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बढनपुरा पुलिया के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक (नंबर UP60CT4239) को रोककर तलाशी ली तो उसमें 95 पेटी (4560 पाउच) 8PM ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 5.5 लाख रुपये आंकी गई।
तस्कर गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक, शराब और तस्कर को अपने कब्जे में ले लिया। भांवरकोल थानाध्यक्ष विवेक तिवारी ने बताया कि यह कार्रवाई 22 फरवरी, शनिवार शाम 5:30 बजे की गई। गिरफ्तार तस्कर की पहचान सूरज यादव (26 वर्ष) पुत्र हरिमंगल यादव निवासी खलीलपुर, हुर्मुजपुर हाल्ट, थाना बहरियाबाद, गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।भांवरकोल पुलिस की इस सफलता को लेकर स्थानीय प्रशासन ने सराहना की है और आगे भी अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।