गाजीपुर। खानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. आर.पी. यादव के अधिकार बहाल कर दिए गए हैं। सीएमओ गाजीपुर डॉ. सुनील पांडेय द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के बाद उन पर की गई कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया है।
औचक निरीक्षण में मिली थी अनियमितता
सीएमओ डॉ. सुनील पांडेय ने 24 फरवरी को खानपुर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था, जिसमें 20 में से 5 चिकित्सकों सहित कुल 16 चिकित्साकर्मी अनुपस्थित पाए गए थे। इस आधार पर सीएमओ ने कार्रवाई करते हुए अनुपस्थित सभी चिकित्साकर्मियों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया था और सैदपुर के अधीक्षक डॉ. संजीव सिंह को खानपुर अस्पताल का चार्ज संभालने का निर्देश दिया था।
भाजपा नेता ने किया विरोध
भाजपा द्वारा खानपुर स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी बनाए गए वरिष्ठ भाजपा नेता रामतेज पांडेय ने इस कार्यवाही का विरोध किया था। उन्होंने खानपुर अस्पताल का भौतिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य मंत्री एवं आयुष राज्यमंत्री से आवश्यक कार्यवाही का अनुरोध किया था।
सीएमओ ने कार्यवाही को किया स्थगित
सोमवार को सीएमओ डॉ. सुनील पांडेय ने दंडात्मक कार्यवाही को निरस्त कर दिया। इसके साथ ही, सभी चिकित्साकर्मियों के वेतन भुगतान का आदेश देते हुए डॉ. आर.पी. यादव के अधिकार भी बहाल कर दिए गए हैं।