गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के धिरजीजोत ग्राम सभा के ग्राम प्रधान रामपूजन राजभर पर एफआईआर दर्ज किया गया है। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
गांव निवासी मोहन ने बताया कि बीते 28 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे वह अपनी जमीन पर दीवार बना रहा था। इसी दौरान ग्राम प्रधान रामपूजन राजभर समेत डॉ. राम अवध, संजय यादव, रामसरेख, रामापति, अभय यादव, रामसरन और दीपक वहां पहुंचे और मिलकर दीवार गिरा दी।
जब मोहन ने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों, ईंटों और घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। इस पूरे घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
आरोपियों पर मामला दर्ज
दुल्लहपुर पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों को नामजद करते हुए बीएनएस की धारा 191, 352, 115(2), 351(3), 324(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गांव में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।