गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बुधवार को जिला कारागार गाजीपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारागार चिकित्सालय, महिला एवं पुरुष बैरक, रसोई घर और सीसीटीवी संचालन व्यवस्था की विस्तृत जांच की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कारागार चिकित्सालय में भर्ती कैदियों से उनकी बीमारियों, खान-पान एवं सफाई व्यवस्था को लेकर बातचीत की। साथ ही, हवालात कार्यालय के स्टॉक रजिस्टर की भी जांच की गई। इसके बाद सभी बैरकों का क्रमवार निरीक्षण किया गया, जहां बंदियों के कार्ड पर उनकी अगली पेशी की तिथियों की समीक्षा की गई।
रसोईघर के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रतिदिन बनने वाले भोजन के मेन्यू की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को सख्त निर्देश दिया कि जेल परिसर में किसी भी स्थिति में मोबाइल या अन्य प्रतिबंधित उपकरण प्रवेश न कर सकें। इसके लिए नियमित रोस्टर बनाकर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, महिला बंदी गृह में दी जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (भू/रा) आयुष चौधरी और एसपी सिटी भी उपस्थित रहे।