गाजीपुर। होली के अवसर पर प्रदेश सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत राज्य के 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 1890 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की। इस योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने लखनऊ के लोकभवन सभागार में बटन दबाकर किया, जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी जिलों के प्रभारी मंत्री भी जुड़े।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि पहले जहां गैस कनेक्शन के लिए घूस देना पड़ता था, वहीं अब 10 करोड़ से अधिक परिवारों को यह सुविधा मुफ्त में दी जा रही है। उन्होंने कहा, “हमने 2021 में वादा किया था कि 2022 से हर होली और दीपावली पर मुफ्त गैस सिलेंडर दिया जाएगा। यह योजना लगातार जारी है, ताकि हर परिवार त्योहार अच्छे से मना सके। इस बार होली और रमजान एक साथ हैं, इसलिए सभी को इस योजना का लाभ मिलेगा।”
गाजीपुर में लाइव प्रसारण के साथ लाभार्थियों को सौंपे गए चेक
प्रदेश स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जनपद गाजीपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में भी किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, विधायक जखनियां बेदी राम, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद जनपद के उज्ज्वला लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने इस अवसर पर कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा, “विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं के लिए सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनमें उज्ज्वला योजना एक महत्वपूर्ण पहल है।”
विधायक जखनियां बेदी राम और भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने भी उज्ज्वला योजना की सराहना करते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने भी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस योजना की शुरुआत 1 मई 2016 को बलिया जिले से की गई थी।
जनपद में अब तक 97,778 लाभार्थियों को मिला लाभ
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के प्रथम चरण (अक्टूबर-दिसंबर 2024) में 1,95,556 लाभार्थियों के खातों में सब्सिडी अंतरित की गई थी। वहीं, द्वितीय चरण (जनवरी-मार्च 2025) में अब तक 97,778 लाभार्थियों ने गैस सिलेंडर की रीफिल प्राप्त कर ली है।उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना से महिलाओं को चूल्हे के धुएं से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से राहत मिली है। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि गरीब परिवारों को इस योजना का अधिकतम लाभ मिले।