जमानियां। थाना क्षेत्र के नरियांव गांव में भूमि विवाद को लेकर एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मंगलवार को तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सत्येंद्र वर्मा, निवासी नरियांव गांव, ने बताया कि मंगलवार को करीब 12 बजे उनका अपने पट्टीदार शशि वर्मा, नयन वर्मा और प्रियांशु वर्मा से जमीन के संबंध में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान विपक्षियों ने सत्येंद्र वर्मा के साथ गाली-गलौज की और मारपीट करने लगे। इसके साथ ही उन्हें धमकी दी गई कि यदि उन्होंने थाने में शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा। सत्येंद्र वर्मा ने इस मामले में थाना जमानियां में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।