जमानियां। स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सप्त दिवसीय विशेष शिविर 19 मार्च 2025, बुधवार से प्रारंभ होगा। इस विशेष शिविर का उद्घाटन जमानियां विधायक माननीय ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधि एवं महाविद्यालय के पूर्व छात्र मन्नू सिंह के कर कमलों द्वारा किया जाएगा। शिविर का समापन 25 मार्च 2025, मंगलवार को होगा। उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह करेंगे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राकेश कुमार सिंह और कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिषेक तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा।
शिविर का मुख्य उद्देश्य स्वयंसेवकों में व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती और राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करना है। शिविर के दौरान विभिन्न रचनात्मक और समाजोपयोगी गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों को समाज सेवा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों से शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है, ताकि वे समाज और राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।