जमानिया। थाना क्षेत्र के लोटवा टोकवा गांव में दीवार निर्माण के दौरान गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में पुलिस ने सोमवार को दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित मनीष यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने घर की दीवार का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही दीपक यादव और छोटू यादव ने आकर उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। मनीष के मुताबिक, जब उन्होंने गाली देने से मना किया तो दोनों आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मनीष ने आगे बताया कि बीच-बचाव करने आए उनके पिता सुदामा यादव को भी आरोपियों ने पीटा। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने किसी तरह दोनों को बचाया। आरोप है कि जाते-जाते आरोपियों ने मनीष और उनके पिता को जान से मारने की धमकी भी दी।इस मामले में मनीष यादव ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।