जमानिया। थाना पुलिस ने बिहार ले जाई जा रही अवैध देशी शराब की तस्करी करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 4 पेटी शराब बरामद की, जिसमें कुल 180 पाउच शराब थे। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस गश्त के दौरान मिली सफलता
जानकारी के अनुसार, रविवार रात उपनिरीक्षक रामकुमार दुबे अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बोरी में शराब लेकर असैचंदपुर मुख्य मार्ग की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
युवक ने कबूल किया जुर्म
पूछताछ में युवक ने अपना नाम उपेन्द्र राम निवासी लबेदहा, थाना रामगढ़, कैमूर (बिहार) बताया। उसके पास से बरामद बोरी में ब्ल्यू लाइम ब्रांड की 4 पेटी देशी शराब मिली, जिसमें कुल 180 पाउच थे। प्रत्येक पाउच में 200 मि.ली. शराब पाई गई।
शराब बिहार ले जाने की थी योजना
आरोपी ने बताया कि वह इस शराब को बिहार ले जाकर बेचने की योजना में था। पुलिस ने मौके पर ही प्रत्येक पेटी से 2-2 पाउच निकालकर नमूना तैयार किया और शेष 172 पाउच को सुरक्षित सील कर लिया।
मामला दर्ज कर जांच जारी
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि बिहार निवासी उपेन्द्र राम के विरुद्ध धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।