गाजीपुर। दिलदारनगर थाना क्षेत्र के कर्मा गांव में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बाइक सवार पति-पत्नी और उनके आठ माह के मासूम बेटे की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल और पुलिस मौके पर पहुंचकर विधिक कार्रवाई में जुट गई। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
शादी और होली के लिए गांव आए थे रविशंकर
कर्मा गांव निवासी रविशंकर कुशवाहा (32) दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। वह शादी समारोह और होली के मौके पर गांव आए थे। 19 मार्च को रविशंकर अपनी पत्नी सरोज कुशवाहा (30) और पुत्र अंकुश (8 माह) को लेकर नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के सरहुला गांव स्थित ससुराल गए थे।
घर लौटते समय हुआ हादसा
गुरुवार की सुबह वह पत्नी और मासूम बेटे को बाइक से लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही उन्होंने मुख्य मार्ग से लिंक मार्ग की ओर बाइक मोड़ी, तभी तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी और तीनों उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद आसपास के लोग उन्हें तत्काल दिलदारनगर स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद दूसरे निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। अस्पताल में तीनों का शव देखकर परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल और स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंचकर विधिक कार्रवाई में जुट गई। थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।