![]()
गाजीपुर(जमानिया)। हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जमानियां, गाजीपुर में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस का आयोजन संपन्न हुआ। शिविर की शुरुआत प्रातः शिविरार्थियों द्वारा शिविर स्थल की सफाई और प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद परामर्श चिकित्सक डॉ. विजय श्याम पांडेय ने शिविरार्थियों को योगाभ्यास और ध्यान का अभ्यास कराया।
युवाओं की भूमिका अहम
शिविर में “नशामुक्त भारत बनाने में युवाओं की भूमिका” विषय पर प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मक बदलाव लाने की इच्छाशक्ति उन्हें इस आंदोलन का आदर्श नेता बनाती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य युवाओं में समाज सेवा और जागरूकता की भावना जागृत करना है। उन्होंने यह भी बताया कि नशा और डिप्रेशन के कारण युवाओं में बढ़ता असंतोष राष्ट्र विकास में बाधक बन सकता है। इसलिए प्रत्येक युवा को अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारण करना चाहिए और किसी आदर्श व्यक्तित्व से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
स्वच्छता और हार्ट फुलनेस ध्यान अभ्यास
शिविर के अगले सत्र में भारत सरकार एवं हार्ट फुलनेस कार्यक्रम के तहत ट्रेनर मिथिलेश कुमार यादव ने स्वच्छता पर अपने विचार साझा किए और शिविरार्थियों को हार्ट फुलनेस थेरेपी के माध्यम से ध्यान का अभ्यास कराया। शिविर के प्रथम सत्र में श्रमदान किया गया और तृतीय सत्र में स्वयंसेविकाओं ने “दैनिक जीवन में तकनीकी प्रयोग” विषय पर समूह चर्चा की।
स्वागत और आभार
कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस इकाई प्रथम के प्रभारी डॉ. राकेश कुमार सिंह के स्वागत भाषण से हुआ, जबकि इकाई द्वितीय के प्रभारी डॉ. अभिषेक तिवारी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में दोनों इकाइयों के स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएं सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह, आईक्यूएसी प्रभारी प्रो. अरुण कुमार, स्टार माइंड क्लासेज़ के निदेशक सुधीर तिवारी, परामर्श चिकित्सक डॉ. विजय श्याम पांडेय, कृतकार्य आचार्य डॉ. मदन गोपाल सिन्हा समेत कई अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।