


गाजीपुर (जमानियां)। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जमानियां, गाजीपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे शिविर के तीसरे दिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः शिविरार्थियों द्वारा शिविर परिसर की सफाई और प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद परामर्श चिकित्सक डॉ. विजय श्याम पांडेय ने शिविरार्थियों को योगाभ्यास और ध्यान का अभ्यास कराया। इसके उपरांत इकाई प्रथम और द्वितीय के शिविरार्थियों ने प्रशांत नगर कॉलोनी में स्वच्छता अभियान चलाया।
पर्यावरण संरक्षण पर बौद्धिक सत्र
कार्यक्रम के अगले चरण में भूगोल विभाग के प्राध्यापक डॉ. अरुण कुमार सिंह ने “पर्यावरण संरक्षण” विषय पर बौद्धिक सत्र आयोजित किया। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के बढ़ते अविवेकपूर्ण उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने मृदा संरक्षण, भूमिगत जल प्रतिधारण और स्थानीय अर्थव्यवस्था में वन संरक्षण की भूमिका के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
क्षय रोग उन्मूलन पर कार्यशाला
इसके बाद भारत सरकार के परिवार कल्याण एवं स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा संचालित तपेदिक उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में जिला क्षय रोग प्रभारी डॉ. संजय कुमार और उनकी टीम ने शिविरार्थियों को क्षय रोग (टीबी) के लक्षण और रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. संजय कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री ने 2025 तक टीबी उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में नए टीबी रोगियों की पहचान, मृत्यु दर को कम करने और संक्रमण को रोकने के उद्देश्य से ट्रेसिंग, टेस्टिंग, ट्रीटमेंट और अन्तर्विभागीय समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने छात्रों को समाज की सुरक्षा में सामुदायिक भागीदारी की आवश्यकता और महत्व पर भी प्रकाश डाला।
सफल संचालन और धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिषेक तिवारी ने किया और वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। अंत में छात्राओं ने “हम होंगे कामयाब” समूह गान की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे कार्यक्रम का समापन हुआ।