गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के निर्देशन में जनपद में हीट वेव (लू) के प्रभावों को न्यून करने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देशित किया कि लू-प्रकोप को देखते हुए हर विभाग में नोडल अधिकारी नामित किया जाए।
धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था
आगामी चैत्र नवरात्रि मेले में हीट वेव के प्रभाव को कम करने के लिए धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इन क्षेत्रों में नि:शुल्क प्याऊ, वाटर कूलर, टेंट, फ्लोर मैट और कूलर की व्यवस्था की जाए ताकि श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग को व्यापक तैयारी के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग को आशा और एएनएम के माध्यम से ओआरएस पैकेट का घर-घर वितरण कराने का निर्देश दिया गया। चिकित्सकों और कर्मियों को हीट वेव से संबंधित बीमारियों की पहचान और त्वरित इलाज के लिए उपयुक्त प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट वेव आइसोलेशन वार्ड/कोल्ड रूम की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन और पर्यटन विभाग को निर्देश
परिवहन और पर्यटन विभाग को बस स्टैंड, मंदिर, धार्मिक स्थलों और रेलवे स्टेशनों पर छांव घर और प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर वहां ओआरएस प्वाइंट बनाए जाएंगे।
शिक्षा विभाग को स्कूल समय में बदलाव के निर्देश
शिक्षा विभाग को मौसम की चेतावनी के अनुसार स्कूलों के समय में बदलाव करने और बाहरी गतिविधियों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने का भी आदेश दिया गया है।
विद्युत और जल निगम को सतर्कता बरतने के निर्देश
विद्युत विभाग को हीट वेव के दौरान विशेष रूप से पीक हीट आवर्स में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, जल निगम को ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
फैक्ट्रियों में समय सारणी में बदलाव
नगर पालिका, नगर पंचायत और श्रम विभाग को हीट वेव के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों और फैक्ट्रियों में पेयजल और छांव की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया है। फैक्ट्रियों में पीक हीट आवर्स को देखते हुए कर्मियों की ड्यूटी की समय सारणी में बदलाव के निर्देश दिए गए हैं।
श्मशान घाट पर अस्थायी टेंट और जल की व्यवस्था
आपदा विशेषज्ञ द्वारा लू-प्रकोप के अलर्ट और यलो जोन, ऑरेंज जोन और रेड जोन की विस्तृत जानकारी दी गई। नगर पालिका ईओ के माध्यम से श्मशान घाट पर कम से कम तीन अस्थायी टेंट और पर्याप्त मात्रा में पीने के पानी की व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया, जिसे जिलाधिकारी ने सहमति प्रदान की।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) आयुष चौधरी, जिला विकास अधिकारी सुभाषचंद्र सरोज, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार पांडेय, आपदा विशेषज्ञ अशोक राय, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, राजस्व लेखाकार राधेश्याम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।