गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की ‘सेवा, सुरक्षा और सुशासन’ की नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गाजीपुर के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 25 मार्च 2025 को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला प्रातः 10:00 बजे से ऑडिटोरियम परिसर (विकास भवन के पास) में आयोजित होगा।
यह रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय, राजकीय आईटीआई, राजकीय पॉलीटेक्निक और कौशल विकास मिशन, गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां और नियोजक भाग लेंगे, जिनमें मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (गाजीपुर), उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक (वाराणसी), एसआईएस सिक्योरिटी गार्ड, एल एंड टी (बैंगलुरु), क्वैस कॉर्पोरेशन प्रा. लि., विजन इंडिया प्रा. लि., गीगा कार्पसोल, रोहित हाईब्रिड सीड्स प्रा. लि., खेतिहर ऑर्गेनिक, पीएनबी मेटलाइफ, कलपतरू कौशल विकास अकादमी आदि शामिल हैं।
कई पदों पर होगी भर्ती
इस मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा संविदा बस चालक, सुरक्षा गार्ड, कुशल कारीगर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ट्रेनर, सेल्स ऑफिसर, सुरक्षा सुपरवाइजर, टेक्नीशियन आदि पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अतिरिक्त, टाटा मोटर्स, डत्थ् टायर्स, डीक्सन नोएडा, सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स और हिंडाल्को रेनूकोट जैसी प्रमुख कंपनियों के लिए भी अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
आवेदन और पात्रता
नियोजकों और कंपनियों द्वारा अपनी रिक्तियों संबंधी समस्त विवरण रोजगार संगम पोर्टल (https://rojgaarsangam.up.gov.in) पर प्रदर्शित कर दिए गए हैं। मेले में भाग लेने के इच्छुक भारी वाहन लाइसेंसधारी चालक, अकुशल श्रमिक, 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक/परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, एएनएम, जीएनएम, जीडीए, कौशल प्रशिक्षित, कंस्ट्रक्शन वर्कर आदि योग्यताधारी अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्रों और छाया प्रतियों के साथ प्रातः 10:00 बजे उपस्थित होकर मेले में प्रतिभाग करना सुनिश्चित करना होगा। इस संबंध में कोई मार्ग व्यय देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।