जमानियां। तहसील क्षेत्र के ताड़ीघाट गांव निवासी संतोष सिंह को राज्य कर विभाग के 10 लाख रुपये के बकाया का भुगतान न करने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। शनिवार को उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। साथ ही, उनके पिकअप वाहन को जब्त कर तहसील परिसर में खड़ा करा दिया गया है।
तहसीलदार रामनारायण वर्मा ने बताया कि संतोष सिंह पर 10 लाख रुपये का राज्य कर बकाया था। उन्हें कई बार भुगतान के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन समयसीमा बीतने के बावजूद राशि का भुगतान नहीं किया गया। निर्धारित समय पर बकाया राशि का निपटारा न होने पर यह सख्त कदम उठाया गया। तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि बकाया वसूली के लिए प्रशासन आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रखेगा। इस दौरान नायब तहसीलदार जीतेंद्र और क्षेत्रीय अमीन प्रभात भी मौके पर मौजूद रहे।