जमानियां।
स्टेशन बाजार स्थित पटखौलिया मोहल्ले में एक मैरेज हॉल को किराए पर लेकर शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में रविवार को स्थानीय लोगों ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में कहा कि मोहल्ले में किसी भी सूरत में शराब की दुकान खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि इसके लिए उन्हें जेल भी जाना पड़े, तो वे पीछे नहीं हटेंगे।
भविष्य को अंधकारमय होने से बचाने की मांग
पूर्व पालिका अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि मोहल्ले में शराब की दुकान खुलने से इलाके के युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो सकता है और यह हर घर के लिए मुसीबत बन जाएगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शराब की दुकान को किसी अन्य स्थान पर खोला जाए।
महिला कांग्रेसी नेता ने सौंपा ज्ञापन
इससे पहले पटखौलिया निवासी और महिला कांग्रेसी नेता गायत्री गुप्ता ने अपने समर्थकों के साथ उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार को ज्ञापन सौंपकर दुकान को हटाने की मांग की थी। इसके बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में एकत्र हुए और शराब की दुकान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
आर-पार की लड़ाई का ऐलान
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर वे आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे, लेकिन किसी भी कीमत पर शराब की दुकान खोलने नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने धरना समाप्त करने की अपील की
धरना प्रदर्शन की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों से धरना समाप्त करने की अपील की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पत्रक सौंपकर धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया।
धरने में बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
इस अवसर पर धरने में नारायण दास चौरसिया, मुन्ना गुप्ता, अशोक कुमार एडवोकेट, बबलू गुप्ता, अरविंद गुप्ता, नेहा, रूपमणि, चंदा देवी, विपिन श्रीवास्तव समेत नगर के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।