जखनिया (गाजीपुर)। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे जखनिया-दुल्लहपुर मार्ग पर गौरा खास और अलीपुर मदरा की सिवान में खेतों के किनारे लगे बिजली के तार टूटकर गिर गए, जिससे गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही देर में फसल जलकर राख हो गई।
ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की कड़ी मशक्कत
आग लगते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालने के साथ-साथ ट्रैक्टर से फसल की जुताई कर किसी तरह आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक लगभग 50 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो चुकी थी। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुमार यादव और उमा यादव का ट्यूबवेल भी आग की चपेट में आकर जल गया।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी की मांग बरकरार
हर साल गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं होती हैं, लेकिन जिला मुख्यालय दूर होने की वजह से अग्निशमन विभाग की गाड़ी समय पर नहीं पहुंच पाती। स्थानीय लोग लंबे समय से तहसील में फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस मांग को पूरा नहीं किया गया है।
तहसीलदार ने दिए नुकसान के आकलन के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार रवि रंजन, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि झुन्ना सिंह, ग्राम प्रधान ऋषिकेश गोंड, विनय सागर, पप्पू कुशवाहा और रिंकू पांडे समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग से गौरा खास और अलीपुर मदरा गांव के किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। प्रभावित किसानों में अवधू यादव, राम दरस यादव, कमला मौर्या, रमेश यादव, सुरेश यादव, गणेश गिरिजा, विनोद, सुरेश, चंद्रिका और बृजेश समेत कई किसानों की पूरी फसल जलकर राख हो गई। तहसीलदार ने बताया कि नुकसान के आकलन के लिए लेखपालों की टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया है और शासन से जो भी संभव सहायता होगी, किसानों को दी
जाएगी।