गाजीपुर। नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर ‘गुरु जी’ के बुधवार को प्रथम गाजीपुर आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। वे सड़क मार्ग से जंगीपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में जा रहे थे। इस दौरान जमानिया नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने अपने काफिले के साथ नंदगंज हाईवे पर माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
कार्यकर्ताओं ने नारों की गूंज के बीच फूल मालाओं से राज्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। राठौर ने भी एक-एक कार्यकर्ता से आत्मीयता प्रकट करते हुए सबका अभिवादन स्वीकार किया। जैसे-जैसे काफिला आगे बढ़ता गया, कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ती रही। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, पिछड़ा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अवधेश बिंद, सभासद रोहित शर्मा, मोहन गुप्ता, शमीम अंसारी, मीडिया प्रभारी संजीत यादव सहित अन्य गणमान्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।