गाजीपुर। आगामी अलविदा जुमा, ईद और नवरात्रि त्योहारों को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने विशेश्वरगंज, रौजा, टेड़वा, रजदेपुर, एमएच इंटर कॉलेज, बरबरहना, तुलसी का पुल, खुदाईपुरा, नखास, सन बाजार, चीतनाथ घाट, टाउन हॉल, प्रकाश टॉकीज, गांधी पार्क, लाल दरवाजा और परसपुरा सहित प्रमुख स्थानों पर गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे सभी त्योहारों को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। फ्लैग मार्च के दौरान उपजिलाधिकारी सदर मनोज पाठक, क्षेत्राधिकारी शहर, और भारी संख्या में पुलिस बल के जवान व अधिकारी मौजूद रहे।