गाजीपुर। आगामी चैत्र नवरात्रि के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने थाना गहमर क्षेत्र स्थित माँ कामाख्या धाम मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर समिति के सदस्यों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।
24 घंटे मेडिकल टीम और खोया-पाया केंद्र की होगी व्यवस्था
बैठक में जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सेवराई को निर्देश दिया कि मेडिकल टीम की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, मेला परिसर में खोया-पाया केंद्र अनिवार्य रूप से स्थापित किया जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके।
दुकानों पर एक रेट और पीने के पानी की व्यवस्था अनिवार्य
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर के आसपास दुकानदारों को निर्देशित किया कि सभी दुकानों पर सामानों का मूल्य एक समान रखा जाए। साथ ही, दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान के सामने पीने के पानी का घड़ा रखना अनिवार्य किया गया, ताकि श्रद्धालुओं को प्यास लगने पर पानी मिल सके।
सीसीटीवी और पार्किंग स्थलों की निगरानी के निर्देश
जिलाधिकारी ने नगर पालिका को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर के अंदर और बाहर तथा पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में पानी की टंकियां उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, प्रवेश और निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर निगरानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
भीड़ नियंत्रण के लिए महिला-पुरुष की अलग-अलग लाइनें
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नवरात्रि में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की अलग-अलग कतारें बनाई जाएं, जिससे मंदिर परिसर में भीड़ का उचित प्रबंधन हो सके।
पार्किंग स्थलों और वायरिंग की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पार्किंग स्थलों और दुकानों पर लगाए गए वायर और लटके तारों की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी लूज कनेक्शन न हो। ऐसी स्थिति में त्वरित सुधार कराए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, फायर सेफ्टी उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेडिंग के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात कर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। पार्किंग स्थलों और आवश्यक स्थानों पर बैरिकेड्स लगाकर यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की जाए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), उपजिलाधिकारी सेवराई, क्षेत्राधिकारी जमानियां सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने माँ कामाख्या माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना भी की।