गाजीपुर। विश्व टीबी दिवस के अवसर पर गाजीपुर के विकास भवन स्थित ऑडिटोरियम हॉल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने की। इस अवसर पर 104 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया और उन्हें सम्मानित किया गया। इस वर्ष घोषित 104 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों में 10 पंचायतों को सिल्वर और 94 पंचायतों को रजत सम्मान दिया गया। सिल्वर सम्मान प्राप्त करने वाले ग्राम पंचायतों में बाराचवर के पिहुली, बिरनो के माधोपुर मिश्रौली, देवकली के शिवदासीचक, भंवरकोल के गोड़ी खास, करंडा के लीलापुर, कासिमाबाद के रोहिली, रेवतीपुर के सुगवलिया, सादात के वीरभानपुर, सैदपुर के इचवल और जमानियां के रामपुर सलेमपुर शामिल हैं।
रजत सम्मान प्राप्त 94 ग्राम पंचायतों में सदर क्षेत्र की 7 पंचायतें, बाराचवर की 5, भदौरा की 4, विरनो की 2, देवकली की 18, भंवरकोल की 8, जखनियां की 1, करंडा की 12, कासिमाबाद की 9, मनिहारी की 4, मरदह की 5, मोहम्मदाबाद की 11, रेवतीपुर की 4, सादात की 3, सैदपुर की 3 और जमानियां की 8 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इन पंचायतों के ग्राम प्रधानों को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने गांधीजी की प्रतिमा और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने 5 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की और टीबी मरीजों को गोद लेकर पोषण पोटली प्रदान करने वाले निक्षय मित्रों को भी सम्मानित किया, जिनमें स्तुति राय, निशांत सिंह और आरती सिंह शामिल थे। इसके अलावा, 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान में नि:शुल्क एक्स-रे करने वाले निजी संस्थान विनय कुमार यादव को भी सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में जिला क्षयरोग केंद्र के डॉक्टर मिथिलेश कुमार सिंह, राघवेंद्र शेखर सिंह, अनुराग पांडेय, सुनील वर्मा, संजय यादव, महेश कुशवाहा, महताब खा, वेंकटेश शर्मा, अलीम, अंजू सिंह, स्वर्ण लता सिंह और राहुल पांडेय शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह ने किया। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील पांडेय ने जिलाधिकारी आर्यका अखौरी को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्योति चौरसिया, जिला पंचायत राज अधिकारी अंशुल मौर्य सहित अन्य अधिकारियों का भी पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने क्षयरोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रभुनाम, सभी सीएचओ, बीपीएम, बीसीपीएम, एचईओ, एआरओ, अधीक्षक/प्रभारी चिकित्साधिकारी और क्षयरोग विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।