जमानिया। थाना क्षेत्र के सब्बलपुर कला गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर 26 मार्च 2025 को एक दर्दनाक सड़क हादसे में अंजली कुमारी की मौत हो गई। यह घटना दोपहर करीब ढाई बजे की है, जब अंजली शिवरात्रि मेले में जा रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत अंजली को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जमानिया पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए गाजीपुर और फिर ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान अंजली ने दम तोड़ दिया।
परिवार ने थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुट गई है। इस घटना के बाद परिवार में गम का माहौल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।