जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के हरपुर इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय पंकज पति दुबे की मौत हो गई। वह अपने ससुराल जीवपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
परिजनों ने दी तहरीर, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मृतक के भतीजे आलोक कुमार दुबे ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि पंकज पति दुबे, पुत्र स्व. घुरभारी दुबे, निवासी पुरा चेता दुबे, थाना धानापुर, जिला चंदौली, शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर से ससुराल के लिए निकले थे। रास्ते में हरपुर इलाके में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
परिजनों में शोक, ग्रामीणों ने की कठोर कार्रवाई की मांग
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं और जिम्मेदार वाहन चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।