गाजीपुर, जखनियां। जखनियां तहसील अंतर्गत आज बाजार के उत्तरी केबिन क्षेत्र में रेलवे प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे बने दुकानों और आशियानों को बुल्डोजर चलवाकर ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रेलवे विभाग के सेक्शन अधिकारी दिलीप कुमार की निगरानी में, तथा आरपीएफ और स्थानीय थाना भुड़कुंडा की उपस्थिति में संपन्न हुई।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि अतिक्रमणकारियों को पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई थी, साथ ही मौके पर नोटिस चस्पा भी किए गए थे। इसके बावजूद अतिक्रमण हटाने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया, जिसके चलते आज यह सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।
ध्वस्तीकरण के दौरान भारी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और पूरे घटनाक्रम को तमाशबीन की तरह देखते रहे। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना रहा कि यदि ऐसी ही कार्रवाई केबिन के पश्चिमी हिस्से में की गई, तो पूरा जखनियां क्षेत्र वीरान हो जाएगा। रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।