जखनिया, गाज़ीपुर। तहसील परिसर में अधिवक्ता व सीएससी संचालक फरहत अंसारी पर लेखपाल राहुल यादव द्वारा कथित रूप से मारपीट किए जाने के मामले में अब तक मुकदमा दर्ज न होने से नाराज़ अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया।
बार एसोसिएशन जखनिया की एक आपात बैठक तहसील सभागार में बार अध्यक्ष निसार अहमद की अध्यक्षता में हुई, जिसमें अधिवक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा की और प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए। बार अध्यक्ष ने कहा कि तीन दिन बीत जाने के बावजूद मारपीट करने वाले लेखपाल के विरुद्ध स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला संज्ञान में है और लेखपाल राहुल यादव को निलंबित कर दिया गया है। अन्य बिंदुओं पर जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रमुख रूप से अधिवक्ता अखिलानंद सिंह, रजनीकांत पांडे, पप्पू यादव, ओमकार यादव, राजेंद्र राम, शिवपूजन चौहान सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे। बार संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।