दुल्लहपुर, गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जलालाबाद स्थित मां शारदा चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल एवं मां शारदा ग्रुप ऑफ कॉलेजेज़ के संस्थापक स्वर्गीय नरेंद्र मौर्य की चौथी पुण्यतिथि बुधवार को श्रद्धा एवं भावनाओं के साथ मनाई गई।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्वानों ने विधिवत हवन-पूजन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के दौरान हुई उनकी असामयिक मृत्यु से पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया था। आज भी उनकी स्मृतियाँ लोगों के मन में जीवित हैं।
पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा ने स्व. नरेंद्र मौर्य को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे मिलनसार, कर्मठ और दूरदर्शी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने किराए के मकान से शिक्षा की अलख जगाकर एक समृद्ध शिक्षण संस्थान की नींव रखी, जो आज जिले में गर्व का विषय बना हुआ है।
वहीं लोकसभा चुनाव के पूर्व भाजपा प्रत्याशी पारसनाथ राय ने कहा कि स्व. मौर्य का मधुर स्वभाव, समाज के प्रति संवेदनशीलता और शिक्षा के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें सपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुशवाहा, भाजपा वरिष्ठ नेता सुधाकर कुशवाहा, प्रबंधक लालजी यादव, प्राचार्य दुर्ग विजय यादव, डॉ. रामवृक्ष यादव, आरती कुशवाहा, प्रभारी जितेंद्र कुशवाहा, चंद्रकेश गुप्ता, कमलेश यादव, वर्षा जायसवाल, डॉ. लल्लन यादव, अशोक यादव, विनोद मधेशिया, राम प्रताप मौर्य, मंजू चौहान, संगीता हेमकर, निखिल यादव आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंध निदेशक बृजेश कुशवाहा एवं प्रबंधक सुरज मौर्य ने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट किया तथा स्वर्गीय नरेंद्र मौर्य के दिखाए गए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।
उन्होंने कहा कि स्व. मौर्य की स्मृति न केवल शिक्षण संस्थान में, बल्कि पूरे क्षेत्र के हृदय में अमिट रूप से बसी हुई है।