जमानिया। विकास खंड सभागार में गुरुवार को खंड विकास अधिकारी बृजेश कुमार अस्थाना की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के दर्जनों ग्राम सचिवों ने भाग लिया। बैठक में गौशालाओं की वर्तमान स्थिति, उनमें चारा, पानी और शेड जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा हुई। बीडीओ अस्थाना ने सभी ग्राम सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों की गौशालाओं की नियमित निगरानी करें और पशुओं के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पानी और छांव सुनिश्चित करें। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खंड विकास अधिकारी ने कहा कि वर्तमान में गेहूं की कटाई का कार्य जोरों पर है, ऐसे में सचिव किसानों से संपर्क कर गौशालाओं के लिए भूसा और अन्य चारा दान कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि किसानों के सहयोग से पशुओं के लिए चारे की समस्या काफी हद तक दूर की जा सकती है। अस्थाना ने जोर देकर कहा कि निराश्रित पशुओं को भरपेट भोजन और सुरक्षित आश्रय देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में यह भी बताया गया कि विकास खंड में वर्तमान में दो गौशालाएं हैं — एक देवा बैरनपुर में संचालित है, जबकि दूसरी फूली ग्राम सभा में निर्माणाधीन है। तय हुआ कि विकास खंड की 84 ग्राम सभाओं में से 42 ग्राम सभाओं से प्राप्त भूसा देवा बैरनपुर गौशाला में भेजा जाएगा और शेष 42 ग्राम सभाओं का भूसा फूली गौशाला को प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा गौशालाओं की साफ-सफाई, पशुओं के लिए चिकित्सा सुविधा, रिकॉर्ड संधारण और व्यवस्थागत पारदर्शिता को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई। सभी सचिवों को निर्देश दिया गया कि वे आगामी सप्ताह में अपने-अपने क्षेत्रों की गौशालाओं की स्थिति रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करें।
बैठक में सुनील कुमार, अरुण कुमार, अशोक कुमार यादव, राम नयन यादव, अशोक कुमार, चंद्रकेश यादव, लव सिंह सहित अन्य ग्राम सचिव उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य गौशालाओं की स्थिति सुधारना, सामुदायिक सहभागिता बढ़ाना और भूसा दान को प्रोत्साहित करना रहा।