गाजीपुर। नेशनल हेराल्ड घोटाले को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला के नेतृत्व में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कचहरी परिसर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंककर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की चार्जशीट में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नाम सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी बौखला गई है। उन्होंने बताया कि डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी की शिकायत पर यह मामला दर्ज हुआ था। कांग्रेस ने एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) को 90 करोड़ रुपये का कर्ज दिया था, जिसे बाद में यंग इंडियन लिमिटेड (वाईआईएल) ने मात्र 50 लाख रुपये में खरीदकर दिल्ली स्थित हेराल्ड हाउस समेत एजेएल की संपत्तियों पर कब्जा कर लिया।
विश्व प्रकाश अकेला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस लेन-देन के जरिए करीब 2,000 करोड़ रुपये की संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया। जब मामला ईडी के पास पहुंचा तो जांच में राहुल गांधी, सोनिया गांधी और सैम पित्रोदा सहित कई कांग्रेस नेताओं के नाम सामने आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अपने घोटाले को छुपाने के लिए देशभर में भ्रम फैलाकर खुद को पीड़ित बताने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि वे आरोपी हैं।
भाजयुमो के इस प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह, जिला महामंत्री अविनाश सिंह, उपाध्यक्ष हर्षित सिंह, काशीनाथ तिवारी, नगर महामंत्री हेमंत त्रिपाठी, शशांक राय, गौरव श्रीवास्तव, शिवम राय, सौरभ उपाध्याय, अमित पांडेय, योगेश शुक्ला, विशाल पासी, विनय कुशवाहा, विनोद गुप्ता, शशिकांत शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।