गाजीपुर। अवैध ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगाने के लिए गाजीपुर पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को चलाए गए विशेष अभियान में यातायात पुलिस ने 116 ई-रिक्शा सीज कर दिए, जबकि 360 चालकों का चालान काटा गया।
आईजी मोहित गुप्ता और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान की अगुवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद, क्षेत्राधिकारी सदर शेखर सेंगर तथा यातायात प्रभारी मनीष कुमार त्रिपाठी ने की। पुलिस टीमों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। कई चालक ई-रिक्शा छोड़कर फरार हो गए।अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि अवैध संचालन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।