जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जमानियां के प्राचार्य कक्ष में आगामी सेमेस्टर परीक्षाओं के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन हेतु परीक्षा समिति की बैठक का आयोजन सम्पन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य एवं केंद्राध्यक्ष प्रो. श्रीनिवास सिंह ने की।
प्राचार्य प्रो. सिंह ने बैठक के उपरांत मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए अवगत कराया कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के निर्देशानुसार परीक्षा में पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, बैग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अथवा किसी भी प्रकार की अनधिकृत सामग्री लाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। परीक्षार्थियों को केवल आवश्यक वस्तुएँ, जैसे प्रवेश पत्र, पेन, पेंसिल आदि, पारदर्शी पाउच में लाने की अनुमति होगी।
कला संकाय प्रमुख डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि आगामी सोमवार से महाविद्यालय केंद्र पर सेमेस्टर परीक्षाओं का शुभारंभ होने जा रहा है, जिसमें लगभग तीन हजार परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान अनुशासनहीनता अथवा निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित परीक्षार्थी के विरुद्ध विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें परीक्षा निरस्त करना अथवा अनुशासनात्मक दंड शामिल होगा।
प्राचार्य प्रो. सिंह ने सभी परीक्षार्थियों से आग्रह किया कि वे परीक्षा नियमावली का पूर्णतः पालन करें तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ पूर्ण सहयोग प्रदान करें, जिससे परीक्षा प्रक्रिया निष्कलंक एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके। उन्होंने समस्त विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना भी व्यक्त की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) प्रभारी प्रो. अरुण कुमार, कैप्टन अंगद प्रसाद तिवारी, सत्यप्रकाश सिंह, मनोज कुमार सिंह, अमित कुमार सिंह, कमलेश प्रसाद सहित अनेक शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।