जमानिया (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर लठिया निवासी होसीला उर्फ कौशिल्या की गुहार जब प्रशासनिक दफ्तरों से अनसुनी रह गई, तो उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर पुलिस ने शुक्रवार को ग्राम प्रधान, सचिव, बीएलओ समेत पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता होसीला ने आरोप लगाया कि वर्ष 2016 में उनके पति भीमसेन ने दूसरी महिला से अवैध रूप से विवाह कर लिया और पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से परिवार रजिस्टर में उस महिला और उसके बच्चों का नाम दर्ज करवा दिया। वहीं, होसीला के नाम को व्हाइटनर से मिटाकर केवल ‘कौशिल्या’ लिख दिया गया। साथ ही उनकी बेटी खुशबू और पुत्र राकेश, सचिन, रवीकान्त के नाम भी रजिस्टर से हटा दिए गए और उनके स्थान पर नए नाम जोड़ दिए गए।
होसीला का आरोप है कि मतदाता सूची में भी बीएलओ व अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने साजिशन उनका नाम, फोटो और मकान नंबर हटाकर दूसरी महिला का नाम जोड़ दिया। पीड़िता ने न्याय की गुहार के लिए 10 सितंबर को कोतवाली जमानियां में, 11 सितंबर को रजिस्ट्री डाक से और 13 सितंबर को पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को पत्र भेजे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रशासन की अनदेखी से आहत होकर होसीला ने अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया, जिस पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पति भीमसेन, ग्राम प्रधान रामअशीष, ग्राम सचिव सुनील कुमार, बीएलओ रेखा देवी और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ फर्जीवाड़ा, कूटरचना व पहचान से छेड़छाड़ समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।