गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सोमवार को थाना बिरनो का वार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, भोजनालय, बैरक, हवालात, शौचालय, महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार तथा अपराध रजिस्टर का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के उपरांत डॉ. राजा ने जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा पारदर्शी बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। इस मौके पर थाना क्षेत्र के चौकीदारों को सम्मान स्वरूप साफा एवं टॉर्च वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक ने चौकीदारों के योगदान की सराहना करते हुए उनके मनोबल को बढ़ाया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद, थानाध्यक्ष बिरनो समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
