गाजीपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा “आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती – 2023” के अंतर्गत चयनित कुल 1549 अभ्यर्थियों के चिकित्सीय परीक्षण की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस लाइन गाजीपुर में 80 महिला अभ्यर्थियों का चिकित्सीय परीक्षण सम्पन्न कराया गया।
मेडिकल परीक्षण दो चिकित्सकीय पैनलों की निगरानी में, नामित नोडल अधिकारी एवं टीम की उपस्थिति में संपन्न हुआ। परीक्षण के दौरान सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों एवं मानकों का पूर्णतः पालन किया गया। परीक्षण में सम्मिलित सभी 80 महिला अभ्यर्थी सफल घोषित की गईं, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। चिकित्सीय परीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नोडल अधिकारी/क्षेत्राधिकारी श्री बलराम सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, भर्ती लिपिक सहित संबंधित टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।