जमानिया(गाजीपुर)। जमानिया तहसील अंतर्गत ग्राम जीवपुर रघुनाथपुर में सिंचाई विभाग की एक परियोजना में टेण्डर प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। राय कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर ज्ञान प्रकाश राय ने पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को एक तहरीर सौंपकर तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मंगलवार को तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ज्ञान प्रकाश राय ने तहरीर में बताया कि उन्होंने जमानिया क्षेत्र में 200 मीटर लंबाई में जियो बैग कट्टर लगाने के टेंडर में भाग लिया था। टेंडर दाखिल करने से पूर्व उन्हें कई व्यक्तियों द्वारा मौखिक रूप से चेतावनी दी गई थी कि वह टेण्डर प्रक्रिया से बाहर हो जाएं। इसके बावजूद उन्होंने बिड दाखिल की। इस टेण्डर प्रक्रिया में कुल पांच फर्मों ने भाग लिया, जिसमें से एक फर्म आकांक्षा एसोसिएट्स ने कागजात की कमी के चलते बिड वापस ले ली।
शेष तीन फर्मों—सुनिधि इंटरप्राइजेज, एस.पी.आर.यू. इंफ्राटेक प्रा. लि. और शिवसुंदर कंस्ट्रक्शन एंड कंसल्टेशन प्रा. लि.—के प्रतिनिधियों द्वारा उन्हें वाट्सऐप और कॉल के माध्यम से टेण्डर से पीछे हटने की धमकी दी गई। ज्ञान प्रकाश राय के मुताबिक, उन्हें फर्जी ईमेल आईडी और मोबाइल नंबरों से धमकी दी गई कि यदि उन्होंने टेण्डर से अपना नाम वापस नहीं लिया तो उनके परिवार की हत्या कर दी जाएगी। साथ ही, कार्य मिलने के बावजूद कार्यस्थल पर कार्य न होने देने की भी धमकी दी गई।
राय कंस्ट्रक्शन ने एसपी गाजीपुर से इन षड्यंत्रकारियों से सुरक्षा की मांग की और इस मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की अपील की। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
इस घटना ने जमानिया में टेण्डर प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी को उजागर किया है, जिसके चलते शासन को करोड़ों रुपये की क्षति हो रही है।