गाजीपुर। जनपद के करंडा ब्लॉक में तैनात सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) उदित नारायण यादव को जातिसूचक टिप्पणी करना महंगा पड़ गया। भाजपा अनुसूचित मोर्चा की शिकायत के बाद पंचायती राज निदेशक अमित कुमार सिंह ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया है। मामले की जानकारी के अनुसार, उदित नारायण यादव पर आरोप है कि उन्होंने कुछ जनप्रतिनिधियों के साथ जातिसूचक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया था। यह मामला भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष शैलेश कुमार के संज्ञान में आया, जिन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए लिखित शिकायत पंचायती राज निदेशक को सौंपी।
शिकायत मिलते ही निदेशक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निलंबन का आदेश जारी कर दिया। वहीं, उदित नारायण यादव का कहना है कि उन्होंने 23 अप्रैल को ही इलाहाबाद उच्च न्यायालय से इस मामले में स्थगन आदेश (स्टे ऑर्डर) प्राप्त कर लिया था। अब यह मामला नया मोड़ लेता दिख रहा है, क्योंकि एक ओर जहां विभागीय कार्रवाई हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर न्यायालय से राहत मिलने का दावा भी सामने आया है। देखना यह होगा कि आगे प्रशासन इस पर क्या रुख अपनाता है।