जमानिया (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के ग्राम देवरिया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार, वाराणसी जनपद के थाना चौबेपुर अंतर्गत ग्राम सरसौल निवासी हर्ष कुमार की बहन चांदनी की शादी वर्ष 2014 में देवरिया गांव निवासी जितेन्द्र कुमार पुत्र स्व. श्यामलाल के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ वर्षों तक सब कुछ सामान्य रहा। इस दौरान दंपति के तीन बच्चे – सोनाक्षी, सृष्टि और श्रेयांश – भी हुए।
हर्ष कुमार का आरोप है कि बीते छह माह से उसकी बहन को ससुराल वाले मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। एक माह पूर्व उसका मोबाइल भी छीन लिया गया था। 14 मई 2025 को मृतका के देवर पिन्टू कुमार ने फोन कर हर्ष को बताया कि चांदनी छत से गिर गई है। जब वह तत्काल अपने परिवार के साथ देवरिया पहुंचा तो देखा कि चांदनी का शव घर के अंदर पड़ा हुआ था और ससुराल के सभी सदस्य मौके से गायब थे। हर्ष कुमार ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन को प्रताड़ना कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सास राधिका देवी, जेठ सुरेश भारती, पति जितेन्द्र कुमार, देवर पिन्टू कुमार और एक अज्ञात देवरानी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।