गाजीपुर। जिले के थाना सुहवल में माह के चतुर्थ शनिवार को थाना दिवस का आयोजन जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। थाना दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित हुए और उन्होंने अपनी शिकायतें लिखित रूप में प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्राप्त शिकायतों का शीघ्रता से निस्तारण किया जाए।
कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने सभी लेखपालों को अपने-अपने फील्ड रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा गया कि आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज सभी लंबित प्रकरणों का पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जिस गांव से शिकायत प्राप्त होती है, वहां संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचें और लेखपाल व पुलिस विभाग की टीम के साथ मिलकर जांच कर समाधान करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थाना दिवस के इस अवसर पर थाना प्रभारी, लेखपाल एवं अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।