जमानिया। नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार शाम लगभग 4 बजे उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) संतोष कुमार समेत अन्य अधिकारियों के साथ वार्ड नंबर 1, 4, 6 एवं चांदपुर नई बस्ती का पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गलियों और मोहल्लों में सफाई व्यवस्था की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। कुछ स्थानों पर कूड़ा जमा होने और नालियों की नियमित सफाई न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित सफाईकर्मियों को समयबद्ध ढंग से कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही, एसडीएम चौरसिया ने सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए, क्योंकि इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि आमजन को भी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार, सतेन्द्र कुमार, अरविन्द राय, विजय यादव समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।