जमानिया। स्थानीय पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 25 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई चक्का बांध पुलिया के पास गश्त के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह व कांस्टेबल नरेन्द्र कुशवाहा क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक व्यक्ति शराब लेकर बिहार ले जाने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने चक्का बांध पुलिया के पास घेराबंदी की। कुछ ही देर में एक संदिग्ध युवक झोला लेकर आता दिखाई दिया, जिसे रोकने पर वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर मौके पर ही उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान दीपक खरवार निवासी बरुईन, थाना जमानिया के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह शराब बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचता है। उसके झोले की तलाशी में आफ्टर डार्क ब्ल्यू रेयर ग्रेन व्हिस्की ब्रांड की कुल 25 शीशी (प्रत्येक 180 मि.ली.) बरामद हुई। बरामद शराब पर कोई वैध प्रपत्र नहीं पाया गया। पुलिस ने बरामद शराब को सील कर नमूना सुरक्षित कर लिया है। अभियुक्त के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है।