जमानियां। नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण नियंत्रण को लेकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ज्योति चौरसिया ने शनिवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) के साथ वार्ड संख्या 1, 4, 6 एवं चांदपुर नई बस्ती का पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था की कई कमियों का पता चला, जिसके बाद रविवार से नगर पालिका प्रशासन ने सफाई अभियान तेज कर दिया है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने वार्डों की गलियों, मोहल्लों तथा नालियों की सफाई का गहन अवलोकन किया। उन्होंने पाया कि कई जगहों पर नालियों की सफाई नियमित नहीं हो रही है और कूड़ा-करकट जमा है। इस पर एसडीएम ने संबंधित सफाईकर्मियों को समयबद्ध और प्रभावी सफाई के निर्देश दिए।
स्थानीय निवासियों ने भी एसडीएम को नालियों के जाम होने और जल निकासी की समस्या से अवगत कराया। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। एसडीएम ने नगर पालिका परिषद के अधिकारियों को हर वार्ड में साफ-सफाई की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। इन निर्देशों के बाद नगर पालिका ने सफाई कार्य में तेजी लाई है, जिससे स्थानीय जनता में राहत की भावना व्याप्त है।नगर प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से न केवल सफाई बेहतर होगी बल्कि अवैध अतिक्रमण हटाकर नगर की सौंदर्य और स्वच्छता भी सुनिश्चित की जाएगी।