जमानिया (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के बसुहारी गांव में घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक विवाहिता को ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर घर से निकाल दिया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपालपुर (रेवतीपुर) निवासी भगवान यादव ने अपनी पुत्री धुनिया देवी की शादी बसुहारी गांव निवासी विशाल यादव के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग धुनिया देवी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे।भगवान यादव का कहना है कि 23 मई 2025 की सुबह लगभग 6 बजे धुनिया की सास चाँदमुनी, ननद आरती और पति विशाल यादव ने मिलकर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।