जमानिया। तहसील परिसर में जनता की सुविधा हेतु स्थापित सुलभ शौचालय इन दिनों अपनी अनोखी पहचान के कारण चर्चा में है। दरअसल, शौचालय के नए इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड पर ‘सुलभ शौचालय’ के बजाय ‘लभ शौचालय’ लिखा हुआ नजर आ रहा है, जो लोगों के लिए हँसी का कारण बन गया है। जहाँ दीवारों पर अभी भी सही नाम बड़े अक्षरों में लिखा है, वहीं लाइट बोर्ड पर ‘सु’ अक्षर गायब होने से केवल ‘लभ शौचालय’ ही दिखाई दे रहा है। इस त्रुटि ने तहसील प्रशासन और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर इस विचित्र स्थिति का जमकर मजाक उड़ाया जा रहा है, और लोग कह रहे हैं, “अब शौचालय के साथ ‘लाभ’ भी मिलेगा।”
स्थानीय निवासी मुन्ना गुप्ता, नारायण दास चौरसिया और गोविन्द चौबे जैसे नागरिक प्रशासन की इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहते हैं कि यह सिर्फ हँसी का विषय नहीं, बल्कि गंभीर अनदेखी का परिणाम है। एक नागरिक ने व्यंग्य करते हुए कहा, “अब लोग शौचालय जाएं या इसका फोटो लेकर वायरल करें?” प्रशासन से उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द से जल्द इस तकनीकी त्रुटि को सुधारकर जनता को बेहतर सेवा एवं संदेश प्रदान किया जाए। फिलहाल ‘लभ शौचालय’ तहसील परिसर में चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है।