गाजीपुर। जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेउल्लाहपुर में रविवार को तेज रफ्तार कार ने दो लोगों को कुचल दिया। हादसे में चाचा की मौके पर मौत हो गई जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, करंडा थाना क्षेत्र के करंडा गांव निवासी लोचन पासवान (71) अपने भतीजे राममीत पासवान (27) के साथ फतेउल्लाहपुर स्थित अपनी बेटी के घर से वापस लौट रहे थे। वाराणसी-गोरखपुर राजमार्ग पर फतेउल्लाहपुर के पास अचानक एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का नंबर प्लेट भी मौके पर टूटकर गिर गया।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में लोचन पासवान को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, राममीत पासवान का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी गुलैची देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से मिले वाहन के नंबर प्लेट को कब्जे में लेकर पुलिस वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुट गई है। मामले की जांच जारी है।