जमानिया। स्थानीय कस्बे के एक मोहल्ले से एक नाबालिग युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने एक युवक और उसके तीन साथियों पर युवती को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में युवती की मां ने थाना जमानिया में तहरीर देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को युवती अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसे आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर युवक व उसके साथियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी और पुत्री की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई। परिजनों को आशंका है कि युवती के साथ कोई अनहोनी न हो जाए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि युवक व उसके साथियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।