गाजीपुर(बिरनो)। गाजीपुर जिले के बिरनो थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी के साथ हुई दुष्कर्म की घटना न केवल मानवता को झकझोरती है, बल्कि हमारे समाज और पुलिस व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल खड़े करती है। घटना के अनुसार, शुक्रवार की रात गांव के ही एक युवक ने किशोरी के साथ घिनौनी हरकत की। शनिवार को जब किशोरी की मां थाने पहुंची तो थानाध्यक्ष थाना दिवस में व्यस्त थे। देर रात तक किसी प्रकार की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। किशोरी ने बताया कि आरोपी ने 10 दिन पहले भी उसके साथ दुष्कर्म किया था और धमकी दी थी कि वह वीडियो वायरल कर देगा। डर और लोकलाज के कारण वह चुप रही।
पुलिस की भूमिका संदिग्ध
मां का आरोप है कि तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही धमकाया। कहा गया कि उनके बेटे के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज होगा। यह सब तब हुआ जब थाने में जनसुनवाई टेबल और सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
एसपी के हस्तक्षेप के बाद हलचल
रात करीब 9:30 बजे जब मां ने पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा को फोन कर आपबीती सुनाई, तब जाकर एक आरोपी पर मुकदमा दर्ज किया गया। लेकिन दूसरा आरोपी और उसका पिता, जो शिक्षक हैं, आज़ाद हैं।
मां की चेतावनी: जरूरत पड़ी तो धरना दूंगी
पीड़िता की मां ने कहा कि वह मुख्यमंत्री, डीजीपी से मिलेंगी और जरूरत पड़ी तो थाना परिसर के बाहर धरना देंगी।