गाजीपुर। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तहसील त्रिमुहानी पर मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती पर मिठाई की दुकान संचालक ने खौलता हुआ तेल फेंक दिया, जिससे युवती बुरी तरह झुलस गई। हैरानी की बात यह है कि परिजनों द्वारा घटना के दिन ही पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने पांच दिन बाद जाकर मामला दर्ज किया। घटना कासिमाबाद कोतवाली से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित स्थानीय तहसील तिराहे की है, जहां आधा दर्जन से अधिक चाय-पान व मिठाई की दुकानें संचालित होती हैं। पीड़ित युवती के भाई संजय बिंद, निवासी सहाबलपुर ने बताया कि उसकी 28 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ बहन पर सोमवार सुबह टिंकू गुप्ता नामक दुकानदार ने खौलता हुआ तेल फेंक दिया। इससे युवती का चेहरा, गला और पीठ गंभीर रूप से जल गए, और कई स्थानों पर फोड़े पड़ गए हैं।
संजय बिंद का आरोप है कि घटना की जानकारी सोमवार शाम को ही पुलिस को दे दी गई थी, बावजूद इसके पुलिस ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की और पांच दिनों तक मामले को दबाने की कोशिश की गई। शुक्रवार को आखिरकार पुलिस ने दुकानदार टिंकू गुप्ता के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया, लेकिन इस विलंबित कार्रवाई को लेकर पुलिस सवालों के घेरे में है। बताया गया है कि उक्त विक्षिप्त युवती कासिमाबाद चौक से लेकर तहसील त्रिमुहानी तक दिन-रात घूमती रहती है और क्षेत्रीय दुकानदार ही उसके भोजन-पानी की व्यवस्था करते थे। इस संबंध में थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि तहरीर देर से मिलने के कारण मुकदमा दर्ज करने में विलंब हुआ, लेकिन आरोपी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अब देखना यह है कि पीड़िता और उसके परिजनों को न्याय मिल पाता है या नहीं।