जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बूढ़ाडीह गांव में सोमवार सुबह करीब 7 बजे प्रशासन ने अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम ज्योति चौरसिया के निर्देश पर तहसीलदार राम नारायण वर्मा के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने गांव में छापा मारकर एक जेसीबी मशीन को मौके से पकड़ लिया और सीज कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। प्रशासन की टीम के पहुंचते ही अवैध खनन में लगे ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए। तहसीलदार वर्मा ने बताया कि बिना अनुमति के खनन पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। जेसीबी मशीन के मालिक और फरार ट्रैक्टर चालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
ग्रामीणों ने जताई संतुष्टि, कहा—उर्वरता हो रही थी प्रभावित
प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर गांव में चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि काफी समय से कुछ लोग अवैध रूप से मिट्टी खनन कर रहे थे, जिससे खेतों की उर्वरता प्रभावित हो रही थी। अब प्रशासन की सख्ती से ऐसे लोगों में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे सराहनीय कदम बताया है।