जमानियां। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को आयोजित बीएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के प्रथम पाली के दौरान तीन छात्राएं नकल करते हुए रंगे हाथ पकड़ी गईं। यह कार्रवाई परीक्षा के दौरान आंतरिक उड़ाकादल और सहायक केंद्राध्यक्ष द्वारा की गई सघन निगरानी के तहत संभव हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नकल करते पाए जाने पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने विश्वविद्यालय की परीक्षा नियमावली के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से तीनों छात्राओं को रस्टिकेट कर दिया। इस निर्णय के बाद परीक्षार्थियों के बीच खलबली मच गई है। प्राचार्य ने बताया कि कॉलेज केंद्र पर रेशमी कॉलेज, श्री वशिष्ठ बघरी श्री रामचंद्र बादामी, संत रामनारायण सहजादा कॉलेज, राजकिशोर सिंह गुरुकुल पतंजलि, स्व. चंद्रशेखर बहन मायावती महाविद्यालय सहित कई संस्थानों के परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महाविद्यालय प्रशासन परीक्षा की पवित्रता एवं निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए पूर्णतया कटिबद्ध है और किसी भी प्रकार की अनुचित साधनों के प्रयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस सघन निगरानी एवं कार्रवाई में सहायक केंद्राध्यक्ष प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा, प्रो. अरुण कुमार, डॉ. संजय कुमार सिंह, आंतरिक उड़ाका दल के डॉ. नीतू सिंह, मनोज कुमार सिंह तथा कक्ष परिप्रेक्षक कैप्टन अंगद प्रसाद तिवारी, इन्द्रभान सिंह, डॉ. राघवेन्द्र पांडेय, डॉ. महेंद्र कुमार, डॉ. अमित कुमार, डॉ. लालचंद पाल सहित कई शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण रही। हिंदू पीजी कॉलेज द्वारा अपनाई गई सुरक्षा समीक्षा और परीक्षा निगरानी प्रणाली अन्य शैक्षणिक संस्थानों के लिए उदाहरण बन रही है।