गाजीपुर। जनपद के थाना भांवरकोल क्षेत्र में पुलिस एवं महिला कल्याण विभाग की चाइल्ड हेल्पलाइन (CWC) टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए दो लापता बच्चों को उनके परिजनों से सकुशल मिलवाया। दिनांक 24 मई की रात थाना भांवरकोल अंतर्गत सजना गांव स्थित शिव मंदिर के पास गश्त कर रही चीता मोबाइल टीम को सड़क किनारे दो नाबालिग बच्चे रोते हुए मिले। बच्चे घबराए हुए थे और पूछताछ के दौरान अपना नाम व पता ठीक से नहीं बता पा रहे थे। तत्पश्चात गश्त टीम उन्हें थाने लेकर पहुंची, जहां थानाध्यक्ष श्री संतोष कुमार राय ने तत्परता दिखाते हुए महिला कल्याण विभाग की चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी अर्चना सिंह से संपर्क साधा।
इसके बाद बच्चों की तस्वीरें मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से साझा कर उनके परिजनों की तलाश शुरू की गई। यह प्रयास सफल रहा और 26 मई को बच्चों के परिजन महिला कल्याण विभाग की चाइल्ड हेल्पलाइन से संपर्क में आए। पहचान की पुष्टि होने के बाद बच्चों को विधिवत उनके परिजनों को सौंप दिया गया। इस मानवीय कार्य के लिए थानाध्यक्ष श्री संतोष कुमार राय, उनकी टीम तथा चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी अर्चना सिंह के प्रयासों की सभी ओर सराहना की जा रही है। बच्चों को सकुशल पाकर उनके परिजनों ने पुलिस व CWC टीम का आभार व्यक्त किया और उनकी सेवा भावना की प्रशंसा की।